ग्वालियर। शहर की विश्वविद्यालय पुलिस ने दतिया के दो लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन को बरामद किया है। लूट में प्रयुक्त हुई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
दरअसल, 17 मई की सुबह विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में बलवंत नगर निवासी संगीता सक्सेना मॉर्निंग वॉक पर घूमने गई थी। वह गोविंदपुरी से अपने घर बलवंत नगर जा रही थीं। जैसे ही वह रॉयल एनफील्ड शोरूम के सामने पटेल नगर पहुंची तभी पीछे से दो लड़के मोटरसाइकिल सवार उनके पास आए और बदमाशों ने झपट्टा मार कर उनके गले से सोने की चेन लूट ली। इसके बाद बदमाश भाग निकले। इसके सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिले थे।
पता चला है कि दोनों बदमाश अनिल रायकवार और और सुंदर रायकवार दतिया के रहने वाले हैं और आपस में रिश्तेदार भी हैं। वे यहां लूट की घटना को अंजाम देने ही आए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को ढूंढ निकाला। दोनों के खिलाफ 4 अपराध दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने अन्य कितनी वारदातों को अंजाम दिया है इसे लेकर पुलिस लुटेरों से पूछताछ कर रही है। वारदात को ट्रेस करने के लिए पुलिस ने पूरे इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज को खंगाले थे। इसके बाद ही लुटेरों के बारे में सुराग मिल सका। क्राइम ब्रांच पुलिस और विश्वविद्यालय के थाना प्रभारी की सक्रियता के चलते यह रिकवरी हो सकी।