भिंड। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भिंड लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी फूलसिंह बरैया के समर्थन में विशाल जनसभा में शामिल हुए। इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अरबपतियों के बेटे अपने पिता की कंपनियों में अप्रेंटिसशिप करते हैं और उन्हें पैसा मिलता है। ये उनको कंपनी में डालने का मौका होता है। हमारी सरकार दुनिया की पहली सरकार होगी जो हर ग्रेजुएट को ये अधिकार देने जा रही है। आप सरकार से एक साल की गारंटी की नौकरी मांग सकते हो। देश में 30 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं। हम छह महीने में ये आपके हवाले कर देंगे।
महिलाओं के लिए महालक्ष्मी योजना होगी
राहुल गांधी ने कहा कि 21वीं सदी में आप बाहर जाकर काम करते हो, हिंदुस्तान में महिलाएं भी मजदूरी करती हैं, नौकरी करती हैं। महिलाएं आठ घंटे बाहर तो आठ घंटे घर में भी काम करती हैं। ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार इन महिलाओं को पैसे देने जा रही है। महिलाओं के लिए महालक्ष्मी योजना होगी, हम सीधे उनके बैंक अकाउंट में पैसा डालेंगे। हर गरीब परिवार की लिस्ट बनेगी। परिवार की एक महिला का नाम चुना जाएगा और उसे साल में 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। हमारी सरकार हर महीने 1 तारीख को महिलाओं के खाते में 8500 रुपए डालेगी।
आज देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक तरफ- संविधान को बचाने में लगे हैं। दूसरी तरफ संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपको जो भी मिला है वह इस संविधान से मिला है, BJP के नेताओं ने कहा है कि अगर चुनाव जीते तो संविधान को बदल दिया जाएगा, लेकिन मैं आपको बता देना चाहता हूं- संविधान गरीबों की आत्मा है, इसे कोई ताकत नहीं मिटा सकती।