Anurag Jain Tenure Extended: मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के मुख्य सचिव अनुराग जैन के कार्यकाल को एक साल के लिए बढ़ा दिया है। अनुराग जैन को 31 अगस्त को रिटायर होना था। एक्सटेंशन पहले से ही तय माना जा रहा था। इसके लिए केंद्रीय कार्मिक प्रशिक्षण मंत्रालय ने आदेश जारी कर दिए हैं। इस आदेश के बाद मुख्य सचिव के पद के लिए दावेदारी कर रहे डॉ. राजेश राजौरा, अशोक बर्णवाल और अन्य अपर मुख्य सचिव स्तर के अफसरों को अब एक साल इंतजार करना पड़ेगा।
दो दिनों में दो बार दिल्ली पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो दिनों में दो बार दिल्ली गए। मंगलवार, 26 अगस्त को वे मुख्य सचिव अनुराग जैन के साथ दिल्ली गए थे। वहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। आज 28 अगस्त को फिर सीएम डॉ. मोहन यादव दिल्ली गए।
सीएम ने अनुराग जैन को दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया X पर मुख्य सचिव अनुराग जैन को बधाई दी। उन्होंने लिखा:
“मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव अनुराग जैन जी, आपको कार्यकाल के एक वर्ष बढ़ाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके दीर्घ प्रशासनिक अनुभव, नवाचारों और सतत प्रयासों से प्रदेश की विकास यात्रा निरंतर नए प्रतिमान स्थापित करे। मेरी मंगलकामनाएं।”
केंद्र में वर्किंग ने दिलाया एक्सटेंशन
मुख्य सचिव अनुराग जैन केंद्र में पदस्थ रहते हुए अपनी कार्यशैली के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं व ब्यूरोक्रेसी के बीच लोकप्रिय रहे। यही वजह रही कि पूर्व मुख्य सचिव वीरा राणा के रिटायर होने के बाद 1 अक्टूबर को उन्हें मुख्य सचिव बनने का आदेश जारी किया गया। अभी भी अनुराग जैन को 11 महीने के कार्यकाल में केंद्र से खुली छूट है। इसलिए वे प्रशासनिक फैसलों में मजबूत बने रहते हैं। उनकी यही कार्यशैली उन्हें एक्सटेंशन दिलाने में मददगार साबित हुई।
इकबाल बैंस को भी मिला था दो बार एक्सटेंशन
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में इकबाल सिंह बैंस को केंद्र सरकार ने दो बार एक्सटेंशन दिया था। 6-6 महीने के दो बार एक्सटेंशन के चलते बैंस 2022 में रिटायर होने के बाद नवंबर 2023 तक सेवा में रहे थे।
वीरा राणा को भी मिला मौका
विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के कारण 1 दिसंबर से चुनाव आयोग ने सीनियर आईएएस वीरा राणा को मुख्य सचिव बनाने की सहमति दी थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें मुख्य सचिव बनाए रखने का फैसला किया। इसके बाद उनकी पहल पर वीरा राणा को 6 महीने का एक्सटेंशन भी मिला। वे 30 सितंबर 2024 को रिटायर हुईं।