Chhattisgarh Flood Relief 2025: बाढ़ संकट में छत्तीसगढ़ के साथ खड़ा मध्यप्रदेश, 5 करोड़ की आर्थिक मदद और राहत सामग्री

Chhattisgarh Flood Relief 2025: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में आई भीषण बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस कठिन समय में पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश सरकार ने मदद का हाथ बढ़ाया है।

मध्यप्रदेश ने बाढ़ पीड़ितों के लिए 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक ट्रेन राहत सामग्री भेजी है।

मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सहयोग के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा:

आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद मोहन यादव जी। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ न केवल पड़ोसी राज्य हैं, अपितु आत्मीय बंधन से जुड़े परिवार की तरह हैं। आपदा की घड़ी में आपका यह सहयोग निश्चित ही बस्तर संभाग के हमारे प्रभावित जनों को संबल प्रदान करेगा। पुनः धन्यवाद।

मध्यप्रदेश का कर्तव्य बताया

वहीं, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आई बाढ़ से हुए नुकसान को देखते हुए मदद करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर मध्यप्रदेश सरकार हर संभव सहयोग करती रहेगी।

उन्होंने बताया कि भेजी गई राहत सामग्री में खाद्य सामग्री, दवाइयां और आवश्यक चीजें शामिल हैं। डॉ. यादव ने यह भी सराहना की कि छत्तीसगढ़ सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तेज़ी और तत्परता से कार्य कर रही है।

बस्तर में तबाही का मंजर

लगातार बारिश और अतिवृष्टि के कारण दंतेवाड़ा सहित बस्तर संभाग के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और भारी जन-धन की क्षति हुई है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार चला रही हैं।

शहर चुने