Flight Ticket Price Hike: त्योहारों से पहले महंगी हुई प्लाइट की टिकट, भोपाल आने-जाने का किराया 222% तक बढ़ा, रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें

Flight Ticket Price Hike: दीपावली और छठ जैसे त्योहारों से पहले हवाई किराए में जोरदार बढ़ोतरी देखी जा रही है। खासतौर पर 15 से 19 अक्टूबर के बीच उड़ानों के किराए आम दिनों की तुलना में दो से तीन गुना तक बढ़ गए हैं। सबसे ज्यादा असर मुंबई, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद और दिल्ली से भोपाल आने वाली फ्लाइट्स पर पड़ा है।

क्यों बढ़े किराए?

एयरलाइंस कंपनियां इसे फ्लेक्सी फेयर बता रही हैं। चूंकि डीजीसीए (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) ने फिलहाल किराए पर कोई सीमा तय नहीं की है, इसलिए कंपनियां मनमाना किराया वसूल रही हैं। एविएशन विशेषज्ञों का कहना है कि जल्द ही सरकार इस पर गाइडलाइन ला सकती है, जिसके बाद एयरलाइंस केवल तय सीमा तक ही किराया बढ़ा पाएंगी।

कितना बढ़ गया किराया?

  • भोपाल से बेंगलुरु की फ्लाइट का किराया, जो सामान्य दिनों में ₹7,500 से ₹8,800 था, अब बढ़कर ₹14,006 तक पहुंच गया है।

  • इसी रूट पर वापसी का किराया ₹18,525 हो गया है, जो लगभग 135% ज्यादा है।

  • मुंबई से भोपाल का किराया सामान्य दिनों में ₹4,500 था, जो अब बढ़कर ₹14,500 हो गया है, यानी लगभग 222% की बढ़ोतरी।

यात्रियों की राय

नियमित हवाई यात्रियों का कहना है कि त्योहारों पर अपनों से मिलने के लिए उड़ान भरना अब महंगा सौदा बन गया है। ट्रेवल एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यदि डीजीसीए ने जल्द ही किराए पर सीमा तय नहीं की, तो आगे और भी बढ़ोतरी हो सकती है।

यात्रियों के लिए राहत: स्पेशल ट्रेनें

त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये सभी ट्रेनें भोपाल होकर गुजरेंगी।

  1. मुंबई–गोरखपुर स्पेशल (66 ट्रिप): 26 सितंबर से 30 नवंबर तक।

  2. पुणे–गोरखपुर स्पेशल (65 ट्रिप): 27 सितंबर से 30 नवंबर तक।

  3. नागपुर–समस्तीपुर साप्ताहिक स्पेशल (10 ट्रिप): 24 सितंबर से 26 नवंबर तक।

शहर चुने