Jabalpur News: जबलपुर में चोरों का आतंक, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक और रिटायर्ड डॉक्टर के घर पर चोरी, सुरक्षा पर उठे सवाल

Jabalpur News: जबलपुर शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए- एक ओर रिटायर्ड डॉक्टर के घर में सेंधमारी हुई, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक से खिड़कियों और पानी की टंकी तक चोरी कर ली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नकदी और सोने की अंगूठी उड़ाई 

विजय नगर क्षेत्र में रिटायर्ड डॉक्टर प्रताप चंद आनंद के घर दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई। डॉक्टर आनंद अपनी पत्नी को मायके छोड़ने और क्लिनिक जाने के बाद जब घर लौटे, तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था और अलमारियों के दरवाजे खुले थे। चोरों ने सोने की अंगूठी, दो हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए। पुलिस ने धारा 331(3) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक में भी सेंधमारी

रांझी थाना क्षेत्र के मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक में भी चोरी की वारदात हुई। चिकित्सक डॉ. संदीप शुक्ला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अस्पताल से लोहे के पल्ले, पानी की टंकी, फाइबर के दरवाजे और खिड़की के फ्रेम सहित करीब ₹35,000 का सामान चोरी हो गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में कोई चौकीदार नहीं था और चोर रात में बाउंड्रीवॉल फांदकर अंदर घुसे थे।

लगातार चोरियों से बढ़ी दहशत

दोनों ही मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। शहर में लगातार हो रही चोरियों ने नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।

शहर चुने