MP Police Recruitment 2025: मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने पुलिस विभाग में भर्ती का विज्ञापन जारी किया है।
इसके तहत असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI), सूबेदार और स्टेनो/टाइपिस्ट के कुल 500 पदों पर भर्ती की जाएगी।
यह भर्ती राज्य में पुलिस बल को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए की जा रही है।
आवेदन की तारीख और परीक्षा
इच्छुक अभ्यार्थी 3 अक्टूबर 2025 से 17 अक्टूबर 2025 तक www.esb.mp.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
वहीं, लिखित परीक्षा का आयोजन 10 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों (सुबह और दोपहर) में होगी।
इन पदों पर भर्ती
ईएसबी के अनुसार, एएसआई और सूबेदार के करीब 400 पद जबकि स्टेनो/टाइपिस्ट के लगभग 100 पद भरे जाएंगे।
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण, दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा।
एप्लीकेशन प्रोसेस और फीस
ऑनलाइन आवेदन करते समय उम्मीदवारों को श्रेणी के अनुसार शुल्क का भुगतान करना होगा।
सामान्य वर्ग के लिए शुल्क 500 रुपए और आरक्षित वर्ग के लिए 250 रुपए निर्धारित है। आवेदन फॉर्म में संशोधन की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर 2025 तय की गई है।
एग्जाम का पैटर्न
परीक्षा में सामान्य ज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, गणित और तार्किक क्षमता (रीजनिंग) से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
परीक्षा केंद्र भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रीवा, रतलाम, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन में बनाए गए हैं।
व्यापक भर्ती
यह भर्ती मध्य प्रदेश सरकार के बड़े भर्ती अभियान का हिस्सा है। इसी महीने सरकार ने 7500 पुलिस आरक्षकों के पदों के लिए भी भर्ती की घोषणा की थी।
इन दोनों भर्तियों को मिलाकर पुलिस विभाग में 8000 से अधिक पद भरे जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आने वाले 3 वर्षों में पुलिस बल को मजबूत करने के लिए 21,000 से अधिक पदों पर भर्ती का लक्ष्य रखा है।