Mp Weather Today: मध्यप्रदेश में मौसम ने करवट ली है। दिन में हल्की धूप और रात में ठंडक का एहसास बढ़ गया है। वहीं पूर्वी जिलों में मानसून अभी भी सक्रिय है और कई जगहों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में पूरे प्रदेश से मानसून की विदाई पूरी हो जाएगी।
पूर्वी जिलों में अब भी सक्रिय मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर और डिंडौरी में सोमवार को हल्की बारिश के आसार हैं। आने वाले तीन दिनों तक इन जिलों में रुक-रुक कर वर्षा होती रहेगी। सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि पूर्वी इलाकों में हल्की बारिश की स्थिति बनी हुई है, लेकिन तेज बारिश लाने वाला कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है। यही कारण है कि प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है।
धीरे-धीरे लौट रहा है मानसून
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। अगले 2-3 दिनों में पूरे मध्यप्रदेश से मानसून पूरी तरह लौटने की संभावना है।
अब तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, विदिशा, नर्मदापुरम और बैतूल समेत 40 से अधिक जिलों से मानसून विदा ले चुका है।
वहीं सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, जबलपुर और छिंदवाड़ा जिलों में मानसून अभी भी सक्रिय है।
रातें हुईं ठंडी, तापमान में गिरावट
प्रदेश में रात का तापमान तेजी से गिरा है।
इंदौर: 14°C
भोपाल-उज्जैन: 17°C
ग्वालियर: 18.2°C
जबलपुर: 18°C
राजगढ़: 14.4°C
धार: 15.5°C
बैतूल: 16.8°C
इन तापमानों से साफ है कि अब ठंड का असर महसूस होने लगा है और प्रदेश में सर्दियों की दस्तक धीरे-धीरे होने लगी है।
गुना में सबसे ज्यादा बारिश, इंदौर ने किया सामान्य लक्ष्य पूरा
इस मानसून सीजन में गुना जिला सबसे ज्यादा बारिश वाला रहा, जहां 65.6 इंच वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद मंडला और रायसेन में 62 इंच से अधिक बारिश हुई।
वहीं शाजापुर (28.9 इंच), खरगोन (29.6 इंच) और खंडवा (32 इंच) सबसे कम वर्षा वाले जिले रहे। इंदौर और उज्जैन संभाग में शुरू में बारिश कम हुई थी, लेकिन सितंबर में हुई भारी वर्षा से स्थिति संतुलित हो गई। इंदौर ने अब सामान्य वर्षा का लक्ष्य पूरा कर लिया है, जबकि उज्जैन अभी पीछे है।