MPESB Recruitment 2025: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल यानी MPESB ने 500 पदों पर भर्ती निकाली है। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं। चलिए जानते हैं, इस वैकेंसी में अप्लाई करने के लिए क्या योग्यता है।
इन पदों पर निकली भर्ती
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने सूबेदार और सहायक उप निरीक्षक (ASI) के 500 पदों पर भर्ती निकाली है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 3 अक्टूबर 2025 से शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार MPESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बता दें कि, आवेदन में गलती सुधारने का मौका 22 अक्टूबर 2025 तक मिलेगा।
इस भर्ती के तहत सूबेदार (स्टेनोग्राफर) और एएसआई (अनुसचिवीय) के विभिन्न पदों को भरा जाएगा। कुल 500 पदों में 90 पद सूबेदार स्टेनोग्राफर (सामान्य शाखा), 10 पद विशेष शाखा के लिए, 110 पद एएसआई (सामान्य शाखा), 220 पद एएसआई (मैदानी इकाई), 55 पद एएसआई (विशेष शाखा) और 15 पद अपराध अनुसंधान विभाग के लिए हैं।
क्या है योग्यता?
इन पदों के लिए अलग-अलग योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। सूबेदार पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही 100 शब्द प्रति मिनट की स्टेनोग्राफी, CPCT परीक्षा (जिसमें हिंदी टाइपिंग हो), और कंप्यूटर से जुड़ा कोई डिप्लोमा या एक वर्षीय ITI “COPA” कोर्स पास होना चाहिए। वहीं, एएसआई पद के लिए भी 12वीं पास के साथ CPCT सर्टिफिकेट और कंप्यूटर संबंधित डिग्री या डिप्लोमा होना अनिवार्य है।
ये है एज लिमिट
उम्मीदवार की आयु 18 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए ₹500 और SC, ST, OBC, EWS वर्ग के लिए ₹250 तय की गई है।
क्या है एग्जाम का क्राइटेरिया?
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले लिखित परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता, गणित और विज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। यह परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसके बाद 100 अंकों की प्रैक्टिकल परीक्षा ली जाएगी, जिसमें शॉर्टहैंड और हिंदी टाइपिंग की जांच की जाएगी। अंत में दस्तावेज़ों का सत्यापन किया जाएगा।
इन शहरों में होगी परीक्षा
इस भर्ती परीक्षा का आयोजन मध्य प्रदेश के 11 शहरों – भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, खंडवा, जबलपुर, नीमच, रीवा, सागर, सतना और सीधी में किया जाएगा। परीक्षा 10 दिसंबर 2025 से शुरू होगी।
1 लाख से ऊपर मिलेगी सैलरी!
इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को अच्छी सैलरी भी मिलेगी। सूबेदार पद के लिए वेतन ₹36,200 से ₹1,14,800 प्रतिमाह तक हो सकता है, जबकि एएसआई के लिए ₹19,500 से ₹62,000 प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।
इच्छुक अभ्यर्थी MPESB की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर लॉगिन कर जरूरी जानकारी भरनी होगी, डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने होंगे और शुल्क जमा करना होगा। आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंट आउट लेकर सुरक्षित रख लें।