भोपाल | राजधानी भोपाल के पुराने शहर आरिफ नगर में गणेश प्रतिमा पर पथराव से शुरू हुआ विवाद अब सियासत का मुद्दा बन गया है। हंगामे के बीच पुलिस जांच में साजिश के सबूत सामने आए हैं। कांग्रेस ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि बीजेपी ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
पुलिस को मिले साजिश के सबूत
घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों पर FIR दर्ज की थी। लेकिन जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
- नामजद आरोपी अब्दुल हनीफ घटनास्थल पर मौजूद ही नहीं था।
- पथराव के ठोस सबूत भी नहीं मिले।
- पुलिस को पता चला कि मामला आरोपी और फरियादी के बीच आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है।
इस पर एसीपी शालिनी दीक्षित ने कहा – “घटना के पीछे साजिश के सबूत मिले हैं। सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं।”
कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने
जैसे-जैसे पुलिस जांच आगे बढ़ी, मामला राजनीतिक तूल पकड़ने लगा।
- प्रदेश बीजेपी प्रवक्ता शिवम शुक्ला ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कांग्रेस प्रदेश का सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश कर रही है।
- वहीं कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने कहा कि शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है और साजिशकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
सवालों के घेरे में पुलिस की व्यवस्था
इस घटना ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और इंटेलिजेंस सिस्टम पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं—
- आखिर पुलिस को पहले से भनक क्यों नहीं लगी?
- क्या सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है?
- कौन शहर का माहौल बिगाड़ने की साजिश कर रहा है?
रिपोर्ट: मनोज राठौर, BSTV, भोपाल