पकड़े गए साइबर ठगी के शातिर आरोपी, मिले जम्मू-कश्मीर से दुबई तक के बैंक अकाउंट

ग्वालियर। शहर की सबसे बड़ी साइबर ठगी के शातिर अपराधी को क्राइम ब्रांच पुलिस ने छत्तीसगढ़ के भिलाई से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से जम्मू कश्मीर से लेकर दुबई तक के बैंक अकाउंट और कंपनी के डिटेल मिले हैं। इसके साथ ही आरोपी कुणाल जायसवाल के कब्जे से कई लोगों के वोटर और आधार कार्ड भी मिले हैं।

गौरतलब है कि पिछले महीने मार्च में मुरार के सीपी कॉलोनी में रहने वाली रिटायर्ड शिक्षिका आशा भटनागर को एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट यानी ईडी का भय दिखाकर उसके साथ साइबर ठगी की थी और महिला को उसके घर में ही एक तरह से हाउस अरेस्ट कर ठग कुणाल जायसवाल ने 51 लाख रुपए से ज्यादा ट्रांसफर करा लिए थे। यह पैसा जम्मू कश्मीर गुजरात महाराष्ट्र और यूएई के विभिन्न बैंक खातों में गया था लेकिन इन खातों को ऑपरेट कुणाल जायसवाल ही कर रहा था।

आरोपी बेहद चालाक और आईटी प्रोफेशनल

एसपी धर्मवीर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी बेहद चालाक और आईटी प्रोफेशनल है। उसके साथ कई लोग आईटी क्षेत्र के जुड़े हो सकते हैं। कुणाल जायसवाल ने अपने शातिर दिमाग से कितने लोगों का चूना लगाया है इसके बारे में पता किया जा रहा है। फिलहाल रिटायर्ड शिक्षिका आशा भटनागर से 51 लाख से ज्यादा की राशि हड़पने वाले आरोपी के कब्जे से पुलिस को नगदी के रूप में कुछ भी नहीं मिला है।

पुलिस का कहना है उसके जो बैंक अकाउंट जांच में सामने आए हैं, उनसे संबंधित प्रबंधकों से संपर्क कर अकाउंट को फ्रिज कराया जा रहा है। दरअसल, कुणाल जायसवाल महिला आशा भटनागर को उसके मोबाइल की सिम फर्जी आईडी के आधार पर जारी होने और उनके डॉक्यूमेंट के आधार पर कई लोगों के लिए सिम निकाली जाने का झांसा दिया था। उसने बताया था कि मुंबई में ईडी ने उसके खिलाफ प्राथमिकी यानी एफआईआर दर्ज की है यदि वह जांच में सहयोग करेगी तो उसे कुछ नहीं होगा। लेकिन उसे जांच पूरी होने तक अपना मुंह बंद रखना होगा।

हो सकते हैं चौंकाने वाले खुलासे 

अपने अकाउंट में जमा सभी धनराशि को ईडी के हवाले करना होगी जो उसके निर्दोष साबित होते ही वापस कर दी जाएगी। महिला को भरोसा दिलाने के लिए झूठी एफआईआर की कॉपी भी कुणाल जायसवाल ने इस महिला शिक्षिका को भेजी थी। यह महिला इतनी आतंकित हो गई थी कि वह अपने परिजनों से भी इस बारे में कोई बात नहीं कर सकी और उसने ठग के बताए खाते में भेज दिया। इतनी बड़ी साइबर ठगी होने के बाद पुलिस भी हैरत में पड़ गई थी। इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने विभिन्न बैंक खातों की मदद से इस मास्टरमाइंड कुणाल जायसवाल को भिलाई से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आगे कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

शहर चुने