लोकसभा चुनाव के बीच BJP विधायक पर हमला, चलती कार पर फेंका पत्थर

सागर। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के बाद सागर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां के बंडा से बीजेपी विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार पर हमला हो गया। वे अपनी प्राइवेट कार से एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। बरायठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करई गांव के पास उन पर हमला हुआ। विधायक की चलती गाड़ी पर अज्ञात लोगों ने पत्थर से हमला कर दिया। जिस वक्त हमला हुआ विधायक कार में सवार थे। हालांकि उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई है।

आगे की सीट पर बैठे थे

जानकारी के अनुसार विधायक के घर लौटने के दौरान करई गांव के सिलोट नदी घाट के पास पत्थरों से हमला हुआ। पत्थर दूर से फेंका गया जो कि पूरे प्रेशर के साथ गाड़ी के आगे के शीशे में जा लगा। इसके चलते शीला टूट गया। इस दौरान एमएलए गाड़ी में आगे की सीट पर ही बैठे थे, गाड़ी के शीशे का जाला बन जाने के कारण उन्हें चोट नहीं आई है। कांच के टुकड़े जरूर टूट कर उनके ऊपर गिरे थे। बता दें कि बंडा विधानसभा दमोह लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। चुनावी चकल्लस के बीच के इस तरह की घटना के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

अचानक ही हुए हमले से विधायक खुद सक्ते में आ गए। वे तत्काल ही खुद सीधे बरायठा थाने पहुंच गए। यहां पर उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ ही कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

शहर चुने