घोर नक्सल प्रभावित इलाका : आजादी के बाद यहां पहली बार पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम

सुकमा। आजादी के बाद पहली बार पुवर्ती पहुंचा स्वास्थ्य विभाग का दस्ता, दरअसल पुवर्ती गांव सुकमा जिला का सबसे घोर नक्सल प्रभावित इलाकों में से एक माना जाता रहा है। अंदरूनी व पहुंच विहीन इलाका होने की वजह से यहां किसी का पहुंच पाना मुश्किल था लेकिन हाल ही में यहां सुरक्षा बल द्वारा कैंप स्थापित किया गया है। शासन-प्रशासन के द्वारा पुवर्ती के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

आपको बता दें कि जिला मुख्यालय से 140 किलोमीटर दूर संवेदनशील ग्राम पुवर्ती में कलेक्टर हरीस. एस. के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी महेश सांडिया के नेतृत्व में साम्यभूमि फाउंडेशन द्वारा यूनिसेफ़ के सहयोग से एक दिवसीय स्वास्थय एवं पोषण जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एएनसी जांच, टीकाकरण, मलेरिया स्क्रीनिंग, कुपोषण जांच एवं स्वस्थ्य सम्बन्धी विषयों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। गर्भवती माता, पोषक माता एवं किशोरी बालिकाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषक खाद्य सामग्रियों की जानकारी दी गयी। शिविर के दौरान ग्रामीणों को सात अलग—अलग वर्ग (गर्भवती महिला, पोषक माता, किशोरी बालिका, दाई माता, शिशुवती माता, बच्चे एवं पुरुष) में वर्गीकृत कर उनके अनुरूप स्वास्थय एवं पोषण से सम्बंधित जानकारी प्रदान की गयी।

317 लोगों की जांच
इस दौरान शिविर में 389 पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित थे। इनमें से 317 लोगों की स्वास्थय जांच किया गया जो कि सर्दी, बुखार, मलेरिया, दस्त एवं आँख की परेशानी से सम्बंधित थे। इस दौरान सिकल सेल, एनीमिया एवं कुष्ठ रोग की भी जांच की गयी एवं 24 लोग मलेरिया पॉजिटिव तथा 37 लोग ऐनिमिक पाए गए।

शिविर में नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत विकास कार्यों हेतु चयनित गाँव पुवर्ती में स्वास्थय एवं महिला बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं का लाभ ग्रामवासियों को दिया गया। इस दौरान नेत्र परिक्षण एवं प्रेस बायोपिक चश्मों का वितरण किया गया।

सुकमा के कोंटा विकासखंड के जगरगुंडा प्राथमिक स्वस्थ्य केंद्र अंतर्गत ग्राम पुवर्ती अति संवेदनशील एवं पहुंच विहीन है। इसके बावजूद स्वास्थय विभाग एवं में साम्यभूमि फाउंडेशन द्वारा विगत चार वर्षों से अंतिम घर तक पहुच कर स्वस्थ्य एवं पोषण की सेवाएं दी जा रही है।

 

शहर चुने