गर्भगृह में पहुंचकर किया पूजन अर्चन, नंदीहाल में की शिव आराधना, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और मध्य प्रदेश लोकसभा प्रभारी डॉक्टर महेंद्र सिंह भी मौजूद, मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में कहा प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट और देश में अबकी बार 400 पार होगा
उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे। दरअसल, वे यहां बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए पत्नी और पुत्र के साथ आए। यहां प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और मध्य प्रदेश लोकसभा प्रभारी डॉक्टर महेंद्र सिंह भी मौजूद थे।
नागझरी हेलीपैड से काफिला महाकाल मंदिर पहुंचा। यहां महानिर्वाणी अखाड़े पहुंचकर मंदिर समिति द्वारा तय ड्रेस कोड पहनकर सभी लोग मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे । जहां पंडित राजेश शर्मा द्वारा पंचामृत पूजन और आरती करवाई गई। इसके बाद नंदीहाल में मंदिर के पंडे पुजारी ने मंत्र उच्चारण किया। जहां जेपी नड्डा और डॉ मोहन यादव सहित सभी लोग शिव भक्ति में लीन नजर आए।
मीडिया से चर्चा में डॉ मोहन यादव ने कहा कि वे मध्य प्रदेश में सभी 29 लोकसभा सीट जीतेंगे इसके साथ ही देश मे अबकी बार 400 पार होगा। आपको बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इन दिनों मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं मंगलवार को उन्होंने जबलपुर, शहडोल में जनसभा को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही लोकसभा सीट के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।