ग्वालियर। जिले के दुहिया में भैंसों के बीच लड़ाई होने से उनके पालकों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर मवेशी को बांध कर नहीं रखने के आरोप लगाकर हमला कर दिया। संघर्ष में खुलकर कुल्हाड़ी, डंडे चले। इसमें एक ही परिवार के 11 लोग और दूसरे पक्ष के 3 लोग जख्मी हुए हैं। इनमें तीन को कुल्हाड़ी लगी है। उनकी हालत गंभीर है। जख्मी परिवार इलाज के लिए भर्ती है। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षो के खिलाफ कार्रवाई की है।
दरअसल, बिजौली थाना क्षेत्र के ग्राम दुहिया में दो परिवार के मवेशियों के बीच लड़ाई खून खराबे की वजह बन गई। संघर्ष हरि सिंह बघेल और उनके पड़ोसी रामधन बघेल के परिवार के बीच हुआ। सुबह हरि सिंह भैंस को चराने निकला था। वहीं रामवीर की भैंस भी घर के बाहर बंधी थी। दोनों सामने आईं तो लड़ गई। रामवीर का कहना है उन्होंने हरि सिंह को टोक दिया भैंस बांधकर ले जाते तो मवेशियों में लडाई नहीं होती।
दोनों पक्षों पर दर्ज हुआ मामला
हरिसिंह को टोकना बुरा लगा उसने घुमाकर लाठी मारी और शोर मचाकर बेटे सतीश, नरेन्द्र, संजू और पत्नी छोटी बाई को बुला लिया। यह लोग कुल्हाडी, डंडे और हसिंया लेकर आ गए जो सामने आया उसे मारते गए। हमले में चाचा राधेश्याम, भारतसिंह और उनकी पत्नी शीला के कुल्हाडी से गहरी चोट आई हैं। जबकि उनके समेत रामधन, मुकेश, कल्लू, पार्वती, बदनसिंह , पूजा और नीतू जख्मी हुई हैं। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जयारोग अस्पताल भेजा। जहां पर तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने मवेशियों के बीच विवाद पर हुए इंसानों के बीच संघर्ष में दोनों पक्षों पर क्रॉस मामला दर्ज किया है।